रावण-हनुमान संवाद, लंका दहन और कुंभकर्ण को जगाने की लीला का भव्य मंचन -71वें श्री रामलीला महोत्सव में अंगद के लंका प्रस्थान तक की लीला ने दर्शकों को किया मंत्रमुग्ध, गणमान्य लोगों को किया सम्मानित
(अंकुर चावला)
गदरपुर। श्री रामलीला कमेटी अनाज मंडी गदरपुर द्वारा आयोजित 71वें श्री रामलीला मंचन के अंतर्गत रविवार रात्रि रावण-हनुमान संवाद, लंका दहन, कुंभकर्ण को जगाने तथा अंगद के लंका प्रस्थान तक की लीलाओं का भव्य मंचन किया गया। कलाकारों ने अपने सजीव अभिनय से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। विशेष रूप से हनुमान जी द्वारा लंका दहन और अंगद के लंका प्रस्थान के प्रसंगों ने दर्शकों में खासा उत्साह भर दिया। मंचन के दौरान भगवान श्री राम की भूमिका रोहित पोपली, लक्ष्मण की भूमिका कशिश खुराना, रावण की भूमिका अमन गाबा, मेघनाद की भूमिका प्रवीण गिल्होत्रा, कुंभकर्ण की भूमिका जगदीश भुड्डी, हनुमान जी की भूमिका साहिल सुधा तथा सुग्रीव की भूमिका मुनि भुसरी ने निभाई। सभी कलाकारों ने अपने प्रभावशाली अभिनय से रामायण के पात्रों को जीवंत कर दिया। कार्यक्रम में कमेटी के अध्यक्ष कृष्णलाल अनेजा, महामंत्री अशोक धीर एवं कोषाध्यक्ष अनिल सुधा सहित कमेटी के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर गदरपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष मुकेश अरोड़ा एवं उनकी टीम को सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त भाजपा के प्रदेश मंत्री गुंजन सुखीजा, नगर पालिका परिषद गदरपुर के अध्यक्ष मनोज गंबर तथा आम आदमी पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष सुभाष व्यापारी का भी कमेटी की ओर से स्वागत एवं सम्मान किया गया। श्री रामलीला कमेटी के पदाधिकारियों ने कहा कि रामलीला भारतीय संस्कृति, धार्मिक आस्था और मर्यादा का प्रतीक है। इसके माध्यम से समाज को सत्य, धर्म, साहस और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा मिलती है। कमेटी द्वारा प्रतिवर्ष परंपरागत रूप से रामलीला का आयोजन कर नई पीढ़ी को प्रभु श्री राम के आदर्शों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। इस अवसर पर उपस्थित श्रद्धालुओं एवं नगर के गणमान्य नागरिकों ने रामलीला मंचन का आनंद लिया और आयोजन की सराहना की। कार्यक्रम के दौरान सतीश छाबड़ा, इंद्रजीत डाबर, निर्मल नारंग, धीरज इश्पूजनी, ऋषि भुसरी, अंकुर चावला, अनमोल अरोड़ा, संजय डंग, आशु अनेजा, चिराग मुरादिया सहित कमेटी के अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।




