गदरपुर पुलिस की कार्रवाई: 315 बोर के अवैध तमंचे और जिंदा कारतूस के साथ 20 वर्षीय युवक गिरफ्तार, भेजा जेल
(पुलिस एण्ड मीडिया गदरपुर)
गदरपुर (ऊधम सिंह नगर)। अपराधों की रोकथाम एवं अवैध शस्त्रों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत कोतवाली गदरपुर पुलिस ने एक युवक को अवैध देशी तमंचे और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस मुख्यालय द्वारा चलाए जा रहे अभियान के क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधम सिंह नगर के निर्देश पर 20 अक्टूबर 2026 को प्रभारी निरीक्षक गदरपुर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर ग्राम बमनपुरी से दीप सिंह (20 वर्ष), पुत्र स्वर्गीय करनैल सिंह, निवासी मजरा मरदान, थाना गदरपुर, जनपद ऊधम सिंह नगर को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान युवक के कब्जे से एक देशी तमंचा 315 बोर और एक जिंदा कारतूस 315 बोर बरामद हुआ। आरोपी शस्त्र का वैध लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में थाना गदरपुर में मु0अ0सं0 312/2026, धारा 3/25 आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है, जबकि उसके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम
उपनिरीक्षक विजय कुमार, प्रभारी चैकी सकैनिया, गदरपुर कांस्टेबल विजेन्द्र नेगी, कांस्टेबल विरेन्द्र मेहता शामिल रहे। पुलिस ने बताया कि अपराधों पर अंकुश लगाने और अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान के तहत आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।




