टीडीसी और राष्ट्रीय बीज निगम आपसी सहयोग से बढ़ाएं कारोबार का लाभ: जिलाधिकारी -मॉडल कार्यालय के रूप में विकसित होगा टीडीसी का नया भवन, आधुनिक सुविधाओं और उच्च गुणवत्ता पर रहेगा विशेष जोर
रुद्रपुर (सू.वि.)। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया की अध्यक्षता में सोमवार को कैम्प कार्यालय में उत्तराखण्ड बीज एवं तराई विकास निगम (टीडीसी) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में टीडीसी एवं राष्ट्रीय बीज निगम के बीच आपसी सहयोग बढ़ाने तथा निगम के विकास कार्यों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि टीडीसी और राष्ट्रीय बीज निगम आपसी समन्वय एवं सहयोग से कार्य करें, जिससे दोनों संस्थाओं के कारोबार और लाभ में वृद्धि हो सके। उन्होंने कहा कि दोनों संस्थाओं को अल्पकालिक लाभ के बजाय दीर्घकालिक व्यावसायिक दृष्टिकोण अपनाते हुए योजनाबद्ध तरीके से कार्य करना चाहिए, ताकि भविष्य में दोनों संस्थाएं लाभान्वित हो सकें। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने टीडीसी के विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। टीडीसी कार्यालय भवन निर्माण की प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि कार्यालय भवन को भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप एक मॉडल कार्यालय के रूप में विकसित किया जाए। उन्होंने भवन के प्रारूप में आगंतुकों के लिए बेहतर प्रतीक्षालय, अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए सुविधाजनक कक्ष तथा अन्य सभी आवश्यक आधुनिक सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने को कहा। जिलाधिकारी ने निर्माण कार्यों में उच्च गुणवत्ता बनाए रखने के साथ ही निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्यों को तेजी से पूर्ण करने के निर्देश भी दिए। बैठक में निदेशक अंकुर पपनेजा, डॉ. अमित भटनागर, मुख्य कृषि अधिकारी डॉ. वी.के.एस. यादव, पंकज कुमार शुक्ला, डॉ. दीपक पांडे, जी.सी. तिवारी, नकुल जोशी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।




