सत्यमेव जयते

उधम सिंह नगरविविध

सेवा संकल्प अभियान व राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत प्रतिरक्षण कार्यक्रम का दिया गया प्रशिक्षण -सराहनीय कार्य करने वाली ए. एन. एम. को किया गया सम्मानित

Share on:

रुद्रपुर (सू.वि.)। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत प्रतिरक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत आज मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय सभागार मे प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण मे आज बाजपुर, गदरपुर तथा रुद्रपुर शहरी क्षेत्र की ए एन एम को एच एम आई एस, जननी, यू विन तथा अन्य पोर्टलों एवं एप्लीकेशन के बारे में विस्तृत जानकारी दी गयी। इस दौरान जनपद मे सराहनीय कार्य करने वाली ए. एन. एम. को मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा सम्मानित किया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एस.के. गोस्वामी ने बताया कि प्रतिरक्षण कार्यक्रम को और अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनाने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को इन डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्रशिक्षित किया जा रहा है। इससे टीकाकरण डेटा की एंट्री, वैक्सीन स्टॉक का बेहतर प्रबंधन और लाभार्थियों की ट्रैकिंग सुनिश्चित हो सकेगी। विभाग का उद्देश्य है कि जनपद में गर्भवती माताओं तथा बच्चों के शत-प्रतिशत टीकाकरण लक्ष्य को प्राप्त किया जाए और कोई भी बच्चा व गर्भवती महिला टीकाकरण से वंचित न रहे। प्रशिक्षण मे एसीएमओ डॉ डी पी सिंह, डॉ. हरीश पांडे, डॉ पी. डी. गुप्ता, डॉ सुधीर गुप्ता, डीपीएम हिमांशु मुश्युनी, प्रदीप महर, चाँद मियां, ए. एन. एम. नीमा मेहता, रेखा कन्याल, मीणा मण्डल, हेमा नैनवाल, शीतल, उषा आदि उपस्थित रहे।
 

खबरें

गदरपुर पुलिस ने 40 लीटर कच्ची शराब के साथ दो आरोपियों को किया गिरफ्तार -ऑपरेशन प्रहार के तहत कार्रवाई, तस्करी में प्रयुक्त बाइक भी बरामद

(पुलिस एंड मीडिया, गदरपुर)
गदरपुर।
ऑपरेशन प्रहार अभियान के तहत गदरपुर कोतवाली पुलिस ने गूलरभोज क्षेत्र में चेकिंग के दौरान 40 लीटर अवैध कच्ची शराब के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक मोटरसाइकिल (यूके06बीएच7024) भी बरामद की है। पुलिस के अनुसार, 26 अक्टूबर 2026 को चलाए गए चेकिंग अभियान के दौरान मुखत्यार सिंह (51 वर्ष), निवासी कुईखेड़ी, गदरपुर तथा सूरज सिंह (19 वर्ष), निवासी पिक्चर हॉल कॉलोनी, गदरपुर को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से सफेद प्लास्टिक के कट्टे में रखे छोटे-बड़े 131 पाउच में करीब 40 लीटर कच्ची शराब बरामद हुई। इस मामले में कोतवाली गदरपुर में एफआईआर संख्या 328/2026, धारा 60(1)/72 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस टीम में शामिल रहे उपनिरीक्षक मेघा शर्मा, प्रभारी चैकी गूलरभोज, कांस्टेबल शान्त लाल, लक्ष्मण कुमार और रघुवर सिंह रावत। पुलिस ने बताया कि अवैध शराब के निर्माण, तस्करी और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए ऑपरेशन प्रहार के तहत अभियान जारी है।
 

रुद्रपुर ओमेक्स रिवेरा के विला में जुआ खेलते छह पकड़े, 3.88 लाख रुपये और पोकर सेट बरामद

ऊधम सिंह नगर (संवाद-सूत्र)। रुद्रपुर के ओमेक्स रिवेरा स्थित लेमडा-39 विला में जुए की सूचना पर पुलिस ने छापा मारकर छह लोगों को पकड़ा। मौके से 3,88,100 रुपये नकद, ताश की दो गड्डियां और पोकर सेट बरामद हुआ। रुद्रपुर शहर के ओमेक्स रिवेरा के लेमडा-39 विला में जुआ खेलने की सूचना पर पुलिस ने छापा मारा और छह लोगों को पकड़ लिया। पुलिस ने मौके से 3,88,100 रुपये नकद, ताश की दो गड्डियां और एक पोकर सेट बरामद किया। पुलिस के अनुसार, मेट्रोपोलिस मॉल के पास चेकिंग के दौरान सूचना मिली कि ओमेक्स रिवेरा के मुख्य गेट के दाईं ओर स्थित लेमडा-39 विला में जुआ खेला जा रहा है। सूचना पर क्षेत्राधिकारी विमल सैनी के निर्देशन में पंतनगर थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। विला की ऊपरी मंजिल के कमरे में छह लोग टेबल के चारों ओर बैठे ताश खेलते मिले। पुलिस को देखकर उन्होंने पत्ते और रुपये टेबल पर रख दिए। बरामद नकदी में 500 रुपये के 773 नोट और 100 रुपये के 16 नोट शामिल हैं। पुलिस ने पोकर सेट भी जब्त किया है। पकड़े गए लोगों की पहचान अमित कुमार (लेमडा-39 विला), अशोक कुमार (वार्ड नंबर चार, गदरपुर), अपूर्व कुमार (सिविल लाइंस आदर्श कॉलोनी, रुद्रपुर), अभिषेक कुमार (एईआईजेड एस-201, ओमेक्स), मनवेन्द्र सिंह (लेमडा-18 विला) और विवेक गुप्ता (फ्लैट एच-ए-401, ओमेक्स) के रूप में हुई है। पुलिस ने उक्त के खिलाफ कार्यवाही की है। 

सांसद अजय भट्ट ने मोहान से चैखुटिया मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग-109 बनाने की उठाई मांग -केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखकर सड़क चैड़ीकरण और राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग को हस्तांतरित करने का किया अनुरोध

रुद्रपुर (सू.वि.)। नैनीताल-ऊधमसिंह नगर के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय रक्षा एवं पर्यटन राज्य मंत्री अजय भट्ट ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखकर मोहान से भतरौजखान, भिकियासैंण, मौसी होते हुए चैखुटिया तक के मोटर मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग-109 के रूप में विकसित करने की मांग की है। उन्होंने इस मार्ग को लोक निर्माण विभाग, प्रांतीय खंड रानीखेत से राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग को हस्तांतरित करने तथा इसका दो लेन में चैड़ीकरण करने की प्रक्रिया को प्राथमिकता देने का अनुरोध किया है। सांसद अजय भट्ट ने पत्र में कहा कि यह मार्ग कुमाऊं क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण है। पर्यटन, स्थानीय आवागमन और धार्मिक यात्राओं के लिहाज से इसका व्यापक उपयोग होता है। रानीखेत सहित आसपास के क्षेत्रों में आने वाले पर्यटक और धार्मिक यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालु भी इस मार्ग से आवागमन करते हैं। उन्होंने कहा कि सड़क की सीमित चैड़ाई और लगातार बढ़ते यातायात के कारण कई स्थानों पर जाम की स्थिति बनती है। इससे स्थानीय नागरिकों, पर्यटकों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। मार्ग के चैड़ीकरण से यातायात व्यवस्था सुगम होने के साथ ही क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिल सकता है। पत्र में उल्लेख किया गया है कि इस मार्ग के संबंध में राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग की ओर से विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा चुकी है। इसके साथ ही वनभूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया भी गतिमान है। प्रस्तावित योजना के तहत लगभग 101 किलोमीटर लंबे मार्ग को दो लेन में विकसित करने के लिए डीपीआर परामर्श की कार्रवाई प्रस्तावित है। सांसद अजय भट्ट ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मार्ग के सामरिक, आर्थिक और पर्यटन संबंधी महत्व को देखते हुए इसे राष्ट्रीय राजमार्ग-109 के रूप में विकसित करने, संबंधित विभाग को हस्तांतरित करने तथा दो लेन में चैड़ीकरण एवं निर्माण कार्य को प्राथमिकता देने का आग्रह किया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस प्रस्ताव पर आवश्यक कार्रवाई होने से क्षेत्रवासियों को बेहतर सड़क सुविधा मिलेगी। साथ ही पर्यटन को प्रोत्साहन मिलने और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने की संभावनाएं भी बढ़ेंगी
 

ऑपरेशन प्रहार : गदरपुर पुलिस ने वारंटी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया

(पुलिस एंड मीडिया, गदरपुर)
गदरपुर ।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधम सिंह नगर के निर्देश पर वारंटी एवं वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत कोतवाली गदरपुर पुलिस ने एक वारंटी को गिरफ्तार किया है। प्रभारी निरीक्षक गदरपुर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने न्यायालय द्वारा जारी गिरफ्तारी वारंटों की तामील करते हुए सोमवार, 26 अक्टूबर 2026 को हरिचंद उर्फ गब्बर पुत्र गोपीचंद निवासी भुर्जी का मोहल्ला, पटवई, रामपुर (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार वारंटी के विरुद्ध एफआईआर संख्या 107/21 में भारतीय दंड संहिता की धारा 323, 504, 506 एवं 498ए के तहत मामला दर्ज है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक प्रदीप शर्मा,  कांस्टेबल अनिल लोहिया, होमगार्ड दीपक शर्मा शामिल रहे। कोतवाली गदरपुर पुलिस ने बताया कि वारंटी एवं वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए अभियान के तहत कार्रवाई जारी है।
 

पांच मंदिर से पवित्र कार्तिक मास पर प्रभातफेरी निकाली गयी -मंदिर में शास्त्री पुष्पेन्द्र द्वारा कार्तिक मास की कथा का सुन्दर प्रवचन किया गया

प्रभातफेरी की वीडियो देखने के लिए लिंक पर क्लिक करें-
विनोद वार्ता संवाद-सूत्र
रुद्रपुर
। पवित्र कार्तिक माह के प्रारम्भ होने पर पांच मंदिर में प्रभातफेरी निकाली गयी। सुबह करीब 4 बजे मंदिर गेट पर प्रभातफेरी निकलने से पूर्व गणेश वंदना की गयी। इसके उपरान्त कमेटी अध्यक्ष महेश बब्बर द्वारा सनातन ध्वज के साथ प्रभातफेरी को रवाना किया गया जो नगर के मुख्यबाजार की प्रक्रिमा करते हुए दुर्गा मंदिर के पास पहुंची यहां पर प्रभातफेरी का जोरदार स्वागत किया गया। प्रभातफेरी में महिला मंडल अध्यक्ष शशी अरोरा, आकाशा अनेजा, सीमा जुनेजा, सुदेश ढींगरा, राज वर्मा, कंचन ग्रोवर, भूपेन्द्र अनेजा, सुरेश राजदेव सहित काफी संख्या में श्रद्धालु शामिल थे। प्रभातफेरी के मंदिर पहुंचने के उपरान्त शास्त्री पुष्पेन्द्र द्वारा कार्तिक माह की कथा का श्रद्धालुओं को श्रवण करवाया गया। 
प्रभातफेरी की वीडियो देखने के लिए लिंक पर क्लिक करें-


 

गदरपुर पुलिस की कार्रवाई: 107 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद, 7,000 लीटर लहन नष्ट -ऑपरेशन प्रहार के तहत सकैनिया में छापेमारी, आरोपी की तलाश जारी

(पुलिस एंड मीडिया गदरपुर)
गदरपुर,।
अवैध कच्ची शराब के निर्माण, तस्करी और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार अभियान के तहत कोतवाली गदरपुर पुलिस ने सकैनिया क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 107 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की। पुलिस ने मौके पर करीब 7,000 लीटर लहन नष्ट किया। कार्रवाई के दौरान एक मोटरसाइकिल भी बरामद की गई, जिसे मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया गया है। पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधम सिंह नगर के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक अपराधध्काशीपुर तथा क्षेत्राधिकारी बाजपुर के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक गदरपुर के नेतृत्व में 24 अक्टूबर 2026 को सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस टीम पंचायत घर के पास सकैनिया पहुंची। पुलिस को देखकर कथित आरोपी बलबीर सिंह उर्फ बीरू पुत्र मक्खन सिंह, निवासी ग्राम कुईखेड़ी, सकैनिया, थाना गदरपुर, मौके से फरार हो गया। पुलिसकर्मियों ने उसकी पहचान कर ली। तलाशी के दौरान मौके से काले रंग की रबर की ट्यूब में 51 लीटर, नीले रंग के जरीकेन में 40 लीटर, सफेद जरीकेन में 10 लीटर तथा एक अन्य नीले जरीकेन में पांच लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद हुई। मौके से एक प्लेटिना मोटरसाइकिल भी बरामद हुई। पुलिस ने शराब की बरामदगी के आधार पर कोतवाली गदरपुर में एफआईआर संख्या 326/2026 तथा आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत बलबीर सिंह के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है। फरार आरोपी की तलाश की जा रही है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक भूपेंद्र सिंह बृजवाल, वरिष्ठ उपनिरीक्षक मदन सिंह बिष्ट, उपनिरीक्षक विजय कुमार, प्रभारी चैकी सकैनिया, उपनिरीक्षक संजय बोरा, उपनिरीक्षक मेघा शर्मा, कांस्टेबल जीवन चंद्र, कांस्टेबल  विजेंद्र नेगी, कांस्टेबल रघुवर रावत शामिल रहे।


 

आमजन की समस्याओं का समाधान सरकार की प्राथमिकता: मुख्यमंत्री धामी -मुख्यमंत्री ने खटीमा में सुनीं जनसमस्याएं, अधिकारियों को त्वरित एवं पारदर्शी निस्तारण के निर्देश

खटीमा (सू.वि.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने निजी आवास नगला तराई एवं लोहियाहेड हेलीपैड पर आमजन और जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित एवं पारदर्शी ढंग से निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सरकार का प्रयास है कि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें और उन्हें समय पर राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सरलीकरण, समाधान और संतुष्टि के मूल मंत्र के साथ कार्य कर रही है। प्रशासन की जवाबदेही सुनिश्चित करने के साथ ही जनता को संतोषजनक समाधान उपलब्ध कराना सरकार का प्रमुख उद्देश्य है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों से क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों, स्थानीय आवश्यकताओं और जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी चर्चा की। उन्होंने जनसमस्याओं के समाधान के लिए अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, दर्जा मंत्री गंभीर सिंह धामी, सुरेश कोली, रणजीत सिंह नामधारी, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, पूर्व विधायक डॉ. प्रेम सिंह राणा, सतीश भट्ट, रानदीप पोखरिया, वरुण अग्रवाल, अमित पांडे, भवानी भंडारी, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एएसपी अजय गणपति, अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, एसपी क्राइम अनुषा बडोला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।